दढ़ियाल। पति और उसकी दो पत्नियों के बीच विवाद सुलझाने के लिए पंचायत का बनाया गया तीन-तीन दिन साथ रहने का फार्मूला एक सप्ताह भी नहीं चल सका। समझौता टूटते ही दोनों पत्नियां पति का साथ छोड़कर चली गईं। इनमें से एक पत्नी अपनी तीन वर्षीय बेटी को रास्ते में छोड़कर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई, जबकि दूसरी अपने साथ एक वर्षीय बेटी को लेकर मायके पहुंच गई।
क्षेत्र के एक युवक ने करीब दस वर्ष पहले उत्तराखंड निवासी युवती से निकाह किया था, जिससे उसकी दो बेटियां हैं। बाद में बेटा न होने पर उसने पहली पत्नी की सहमति के बिना दूसरा निकाह कर लिया। दूसरी पत्नी से भी दो बेटियां हुईं। इसके बाद दोनों पत्नियों और पति के बीच विवाद बढ़ता गया।
पहली पत्नी की शिकायत पर 19 जुलाई को रिश्तेदारों और ग्रामीणों की पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने पहली पत्नी को महीने भर का राशन, प्रति सप्ताह 500 रुपये गुजारा भत्ता देने और पति को सप्ताह में तीन दिन पहली तथा तीन दिन दूसरी पत्नी के साथ रहने का फैसला सुनाया था। एक दिन पति को अपनी इच्छा से रहने की छूट दी गई थी।
लेकिन यह व्यवस्था सात दिन भी नहीं चल सकी। दोनों पत्नियां अलग-अलग घर छोड़कर चली गईं। पत्नियों के जाने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।