मिलकखानम। थाना क्षेत्र के गांव गजुपुरा निवासी वीरेंद्र सिंह पुत्र पलविंद्र सिंह की न्यूजीलैंड में सड़क हादसे में मौत के 13 दिन बाद शनिवार को शव गांव पहुंचा तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
वीरेंद्र तीन साल पहले रोजगार के लिए न्यूजीलैंड के टोरंगा शहर गए थे। वह तीन माह बाद घर लौटने वाले थे और उनकी शादी भी तय हो चुकी थी। ग्राम प्रधान कुलविंद्र सिंह चाहल ने बताया कि 27 अप्रैल की रात वीरेंद्र, उनके ममेरे भाई संदीप और ठेकेदार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। भारत सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बाद 13 दिन बाद शव गांव लाया जा सका।
मृतक के पिता पलविंद्र सिंह ने बताया कि शव लाने के लिए कई बार दिल्ली के चक्कर लगाने पड़े। शनिवार को शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। माता जसवीर कौर और पिता पलविंद्र सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।