बसपा से अलग होकर भाजपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने बसपा को टिकटों की नीलामी करने वाली पार्टी बताया है। बसपा प्रमुख मायावती पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उनको पैसे की भूख है इसलिए पार्टी छोड़ दी। स्वामी प्रसाद मौर्य मिलक में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मुन्नी देवी गंगवार के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बसपा में बाबा साहेब अंबेडकर और कांशीराम के सपनों की हत्या हो रही थी। वह अब दलितों की नहीं दौलत वालों की पार्टी रह गई है। मायावती अपनी कोठी में बैठकर पैसे गिनने का काम करती हैं। दो से पांच करोड़ रुपये में टिकट बेचा जाता है।
दयाशंकर के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने मायावती पर गलत टिप्पणी की थी, भाजपा ने उनका निष्कासन करके जवाब भी दे दिया। लेकिन नसीमुद्दीन एंड पार्टी पर तो गलत टिप्पणी के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि नसीमुद्दीन को सपा का संरक्षण प्राप्त है। भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिलाने के लिए वह जुट गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी दुनिया में भारत की मजबूत छवि बनाई है।