दो युवकों के आपसी विवाद ने शनिवार की देर रात सांप्रदायिक रूप ले लिया। दूसरे समुदाय के युवक की पिटाई के बाद पथराव होने से तीन लोग घायल हो गए। घायल की ओर से इस मामले में 13 लोगों को नामजद किया गया है। तनाव पर रविवार को पालिकाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता की और सहमति के बाद मामले को रफा-दफा करा दिया।
शनिवार की रात करीब नौ बजे मोहल्ला टण्डोली निवासी दो युवकों में किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया। इस पर एक युवक ने अपने दोस्त मोहम्मद शाकिर उर्फ मोनू पुत्र सलीम को बुला लिया। बताते हैं कि इस पर लोगों ने मोनू को पीट दिया। कुछ देर बाद मोनू अपने साथियों को लेकर दोबारा आ गया।
पथराव शुरू कर दिया। पथराव में रिंकू पुत्र दीपपाल, मीना पत्नी गंगा राम समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले को शांत कराया। पथराव में घायल रिंकू की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने 13 लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली।
रविवार को मामले को सांप्रदायिक रंग लेता देख पालिकाध्यक्ष शहाबुद्दीन गौरी ने दोनों पक्षों को नगर पालिका परिसर में बुला लिया और समझौता करा दिया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि टांडा गंगा जमुनी तहजीब का मरकज रहा है।