रामपुर। यूपी बोर्ड 2020 की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में टॉप टेन में स्थान पाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट और 21 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया। वहीं सीबीएसई 10वीं में देहरादून जोन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा आरिशा खान को एक लाख रुपये का चेक और टैबलेट देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेेहरों पर खुशी नजर आई।
सरकार ने 2020 में हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में जिले में टॉपटेन में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने की घोषणा की थी। सोमवार को जिला पंचायत सभागार में मेधावियों को सम्मानित किया गया। यहां मुुख्य अतिथि सहकारी निर्माण संघ केे सभापति सूर्य प्रकाश पाल ने कहा कि सरकार शिक्षा के उन्नयन के लिए प्रयासरत है। पुरस्कार प्राप्त करने मेधावी छात्र-छात्राएं हमेशा प्रगति के पथ पर अग्रसर रहकर अपना, परिवार और देश का नाम रोशन करें।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, भाजपा नेत्री लक्ष्मी सैनी, डीआईओएस मुनीश कुमार, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार भारती समेत अन्य लोग मौजूद रहे।