भोट (रामपुर)। छह माह के बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल पर बैठे कर्मचारी कार्यदायी संस्था द्वारा एक माह को वेतन दिए जाने के बावजूद भी पिछले पूरे बकाया वेतन की मांग पर अड़े रहे और दूसरे दिन हाईवे चौड़ीकरण का काम बंद कर प्लांट के मेन गेट में हड़ताल पर बैठे रहे।
पिछले पांच साल से रामपुर-काठगोदाम हाईवे चौड़ीकरण का काम चल रहा है। यह काम सद्भाव इंजीनियरिंग लिमिटेड कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। छह माह से चौड़ीकरण का कार्य कर रहे 180 कर्मचारियों के वेतन का भुगतान नहीं हो सका है, जिस पर दूसरे दिन भी कर्मचारी काम बंद कर हड़ताल पर बैठे रहे। खूंटाखेड़ा स्थित कंपनी के प्लांट में बैरियर बंद कर ताला लगाते हुए सारा काम रोक दिया था व मेन गेट पर ही हड़ताल पर बैठ गए थे। वहीं, गुरूवार रात में कंपनी द्वारा एक माह का वेतन जारी करने पर भी कर्मचारी शुक्रवार को हड़ताल पर रहे व कंपनी प्रबंधन पर कर्मचारियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी व प्रदर्शन किया। मौजूद कर्मचारियों का कहना था कि वह बाहर से आकर कंपनी में काम कर रहे है। कंपनी द्वारा छह माह से वेतन का भुगतान न किए जाने से वह अपने घर परिवार को पैसा नहीं भेज पाए हैं, जिससे परिवार के सामने भुखमरी का संकट आ गया है। कर्मचारियों का कहना है उन्हें बोनस व अवकाश का भुगतान भी नहीं किया गया है। कंपनी द्वारा जब तक पिछले पांच माह का बकाया वेतन का भुगतान तथा पीएफ का पैसा जमा नहीं किया जाएगा, कर्मचारी हड़ताल पर ही रहेंगें। कर्मचारियों के हड़ताल में चले जाने से हाइवे चौड़ीकरण का काम दूसरे दिन भी बंद रहा।