बिलासपुर। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने दो गांवों में निर्मित कराए गए दो वाटर ओवरहेड टैंकों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही असली विकास है।
सोमवार दोपहर राज्यमंत्री रामनगर गांव पहुंचे। वहां उन्होंने जल निगम से जल जीवन मिशन के तहत प्रधानमंत्री जन विकास योजना के तहत ग्रामीण पेयजल परियोजना में निर्मित कराए गए वाटर ओवरहेड टैंक को जनता को समर्पित किया। राज्यमंत्री ने वहां फीता काटा और शिलापट्ट का अनावरण किया। टैंक परियोजना में 199.61 लाख की लागत आई है।
लोकार्पण के बाद राज्यमंत्री ने कहा कि वह वादे नहीं करते, बल्कि धरातल पर करके दिखाते हैं, क्योंकि वह मानते हैं कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही असली विकास है।
औलख ने कहा, सरकार चाहती है कि प्रत्येक नागरिक के घर तक स्वच्छ जल पहुंचे। यह निर्माण इसी मंशा का नतीजा है। इससे गांव में स्वाभिमान और सशक्तीकरण की नई पहचान बनेगी।
इसके बाद राज्यमंत्री कासमगंज गांव गए और वहां भी उन्होंने ओवरहेड टैंक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, डीएम जोगिंदर सिंह, एसपी विद्यासागर मिश्र, सीडीओ नंद किशोर कलाल, एसडीएम अनुराग सिंह, सीओ रविंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।