रामपुर। शहर में बीते तीन माह में ही तीन स्थानों पर सीवर लाइन धंस चुकी है। ऐसे में सीवर लाइन धंसने वाले स्थानों पर व्यापक स्तर पर काम की दरकार है। लिहाजा, जल निगम की ओर से करीब 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है, जिससे सीवर लाइनों को ठीक किया जा सके। अब विभाग को प्रस्ताव की मंजूरी का इंतजार है।
सपा सरकार में सीवर लाइन के प्रोजेक्ट पर काम हुआ था। शहर के दो जोनों में सीवर लाइन डाली गई थी, जिसके बाद उम्मीद थी कि लोगों को अब गंदगी से निजात मिल जाएगी। किन्तु, सौ करोड़ रुपये का सीवर प्रोजेक्ट लोगों के लिए सुविधा की जगह मुसीबत बन गया। दरअसल, शहर में सीवर लाइन धंसने के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। कभी जिला अस्पताल के पास, तो कभी पहाड़ी गेट के पास सीवर लाइन धंस जाती है। सितंबर माह में जिला अस्पताल के पास सीवर लाइन धंस गई थी, जबकि इससे पहले पहाड़ी गेट के पास नई बस्ती में सीवर लाइन धंस गई थी।
शनिवार को फिर पहाड़ी गेट के पास सीवर लाइन धंसने की वजह से सड़क भी धंस गई। आधी सड़क गड्ढे में तब्दील हो गई है। ऐसे में लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लिहाजा, अब जनता को सीवर लाइन धंसने की समस्याओं से निजात दिलाने के लिए जल निगम की ओर से व्यापक स्तर पर काम कराया जाएगा। इसके लिए सीवर लाइन धंसने वाले स्थानों को चिन्हित कर विभाग की ओर से 24.93 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। शासन से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद जल निगम की ओर से काम शुरू करा दिया जाएगा।