स्वार (रामपुर)। शहीद ऊधम सिंह कंबोज का बलिदान कभी नहीं भुलाया जा सकता। जिस वीर ने हिंदुस्तानियों का बदला लेने के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी, ऐसे वीर महापुरुष को वह नमन करते हैं। उक्त विचार शहीदी दिवस श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने व्यक्त किए। इस दौरान उन्होंने शहीद ऊधम सिंह कंबोज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शनिवार को तहसील क्षेत्र के गांव नूरपुर हुजूरपुर के मझरा फाजिलपुर के शहीद ऊधम सिंह कंबोज माध्यमिक विद्यालय में शहीद उधम सिंह कंबोज का 81वां शहीदी दिवस श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। श्रद्धांजलि समारोह में पहुंचे प्रदेश के राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने सर्वप्रथम शहीद ऊधम सिंह कंबोज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह कंबोज ने जलियांवाला बाग में हिंदुस्तानियों का नरसंहार करने वाले जनरल डायर को विदेश में जाकर अपनी जान की परवाह न करते हुए उसको गोली मारकर अपने देशवासियों का बदला लिया। ऐसे देश के वीर सपूत के बलिदान को देश कभी नहीं भुला सकेगा। ऐसे वीर सपूत को वह नमन करते हैं।
श्रद्धांजलि समारोह में उत्तराखंड के पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री हरेंद्र सिंह लाड़ी, ग्राम प्रधान अमनप्रीत कौर, मुंशी राम कंबोज, कामरान खां, जिला पंचायत सदस्य रियासत अली, खलील अहमद, डोली रंधावा, सतनाम सिंह रंधावा, भजन लाल, नेक चन्द्र, सुखदेव कंबोज, पूरन कंबोज, सुनील कंबोज, रमेश चंद्र, महेंद्र मिद्दु, छिन्दर आदि लोग मौजूद रहे।