रामपुर। सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकालकर विद्यार्थियों ने लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया। रैली में 22 स्कूलों के करीब एक हजार बच्चे शामिल हुए। रैली को जिलाधिकारी ने आंबेडकर पार्क से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली को रवाना करते वक्त जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि वाहन चलाते समय और सड़क पार करते समय यातायात नियमों का पालन करें और सावधानी बरतें। कहा कि अधिकतर लोग बिना हेलमेट लगाए दो पहिया वाहन चलाने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं, जिसकी वजह से कई बार उन्हें गंभीर चोट के कारण जान का जोखिम भी उठाना पड़ता है। कहा कि दोपहिया वाहन पर हेलमेट जरूर लगाएं और दो से अधिक लोग न बैठें। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करें। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट हेम सिंह, एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना सिंह आदि मौजूद रहे।