रामपुर। सीबीएसई इंटर की टर्म-2 के भौतिक विज्ञान का आसान पेपर को देखकर परीक्षार्थियों के चेहरे खिल उठे। परीक्षा देकर आते परीक्षार्थियों के चेहरों पर पेपर अच्छा होने की खुशी साफ झलकी। भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा जिलेभर के 11 परीक्षा केंद्रों पर हुई जिसमें 1215 परीक्षार्थी शामिल हुए। नौ परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकार्डर की निगरानी में परीक्षा कराई गई।
शुक्रवार को सीबीएसई टर्म-2 इंटर भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा जिलेभर के परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10.30 बजे प्रारंभ हुई। परीक्षा में 1224 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 1215 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। नौ परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह 10.15 बजे परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र दे दिया गया। 15 मिनट तक प्रश्नपत्र पढ़ने के बाद 10.30 बजे परीक्षा प्रारंभ हुई। दो घंटे तक चलने वाली परीक्षा दोपहर 12.30 बजे समाप्त हुई। सीबीएसई डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर एनके तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।