सड़क हादसे में प्रधान के पिता की मौत
अजीमनगर थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा
रामपुर। अजीमनगर थाना क्षेत्र में दवाई लेकर पैदल घर वापस जा रहे प्रधान के पिता को बाइक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में प्रधान के पिता की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। वहीं, बाइक पर सवार एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस उसे थाने ले आई है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी धर्मवीर ग्राम प्रधान हैं। इनके पिता वीर सिंह(55) शनिवार रात को करनपुर चौराहे पर एक मेडिकल से दवाई लेने गए थे। वहां से दवाई लेकर वापस पैदल घर जा रहे थे। इस दौरान सामने से आए एक बाइक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में वीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक बाइक लेकर फरार हो गया, लेकिन बाइक पीछे बैठे युवक को राहगीरों ने पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ गई। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। मौके पर पकड़े गए युवक को पुलिस थाने ले आई है। अजीमनगर थाना प्रभारी ने प्रदीप कुमार बताया कि बाइक पर सवार एक युवक को हिरासत में लिया है। अभी मामले की तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।