रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने एक निजी अस्पताल संचालक और तत्कालीन गंज कोतवाली प्रभारी पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर जाकर खुद को आग लगाने की चेतावनी दे डाली। इस पर पुलिस ने आनन-फानन तत्कालीन गंज कोतवाली प्रभारी रामवीर सिंह यादव सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का आरोप है कि वह एक निजी अस्पताल पर काम करती थी। पांच अप्रैल की शाम को अस्पताल के संचालक अपने दोस्त और तत्कालीन गंज कोतवाली प्रभारी रामवीर सिंह के साथ अस्पताल पहुंचे थे। वहां उसके साथ दोनों ने मारपीट की और दुष्कर्म किया। बाद में उससे जबरदस्ती कागज पर साइन करा लिए। इसके बाद दो लोगों को उसकी हत्या करने के लिए बुला लिया जो उसे हत्या करने के लिए जबरदस्ती कार में ले जा रहे थे। इस बीच डायल 100 की गाड़ी आ गई। आरोपी उसे कचहरी रोड पर छोड़कर फरार हो गए। आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में कोई कार्रवाई करने के बजाए घटना के साक्ष्य मिटा दिए थे। आरोप है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी गायब कर दी गई, तब से वह अस्पताल संचालक और उसके इंस्पेक्टर दोस्त के खिलाफ कार्रवाई के लिए भटक रही है।
महिला ने रविवार को वीडियो वायरल कर चेतावनी दी कि अगर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह सोमवार को मुख्यमंत्री की जनसभा स्थल पर जाकर आत्मदाह कर लेगी। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।