स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर सपा सांसद आजम खां को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की इच्छा जताई है, जिसपर आजम खां के मीडिया प्रभारी ने भी बयान का वीडियो जारी करते हुए कहा कि आजम खां को उनके अनुभव के आधार पर नेता प्रतिपक्ष बनाया जाना चाहिए।
निर्वाचित विधायक आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू ने मीडिया से अपना वीडियो बयान साझा किया, जिसमें आजम खां को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहीं चर्चाओं पर कहा कि उन्हें सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि आजम खां को पार्टी द्वारा नेता प्रतिपक्ष बनाया जा रहा है।
इसके पीछे उन्होंने दलील देते हुए कहा कि आजम खां दसवीं बार विधायक बने हैं और सबसे अनुभवी नेता हैं। संसदीय कार्य मंत्री रह चुके हैं और उन्हें विधानसभा का लंबा अनुभव है। उन्हें यकीन है और उनकी निजी राय के अनुसार आजम खां को नेता प्रतिपक्ष बनाया जाए।
पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष को सोचना चाहिए कि आजम खां से अधिक अनुभव किसके पास है, वो 2002 में भी नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। ऐसे में क्या आजम खां लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा देंगे, इस सवाल पर फसाहत अली खां शानू ने कहा कि ये फैसला आजम खां ही करेंगे, उनका निजी विचार है कि आजम खां लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा देंगे।