मुरादाबाद के थाना भोजपुर के गांव रानी नागल निवासी दोनों भाई अपने जीजा को देखने बाइक से जा रहे थे। रास्ते में टांडा-बाजपुर मार्ग पर उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौत हो गई।
रामपुर के मसवासी में अपने बीमार जीजा को देखने के लिए जा रहे बाइक सवार दो सगे भाइयों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे दिए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने हुए थे।
विज्ञापन
मुरादाबाद के थाना भोजपुर के गांव रानी नागल निवासी इंतेजार हुसैन (41) और उनके भाई इम्तियाज हुसैन (33) मसवासी में अपने जीजा जलीस अहमद को देखने के लिए जा रहे थे। बताया जाता है कि जलीस अहमद काफी दिनों से बीमार चल रहे हैं। रविवार को सुबह करीब दस बजे दोनों बाइक से मसवासी आ रहे थे। बाइक इम्तियाज चला रहे थे। इस बीच एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
इससे दोनों गिर गए और वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में उनके सिर कुचल गए। जिससे दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आसपास तमाम राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मसवासी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक हेलमेट लगाए हुए नहीं थे। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है।