बिलासपुर पुलिस ने जाफराबाद रोड पर ईसानगर चौकी की तरफ आ रहे बाइक सवार गोकशी के आरोपी अजीम निवासी ग्राम नगरिया आकिल थाना अजीम नगर को मुठभेड के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया है।
कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह के अनुसार बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे ईसानगर चौकी प्रभारी राजीव कुमार त्रिपाठी, कस्बा चौकी प्रभारी संजय तेवतिया, रुद्रबिलास चौकी प्रभारी अमित कुमार अन्य कर्मियों के साथ वांछित अपराधियों की तलाश में नैनीताल हाईवे स्थित ईसानगर चौकी रोड से जफराबाद गांव की ओर जा रहे थे।
इस दौरान मुखबिर ने उन्हें सूचना दी कि जाफराबाद गांव की ओर से बाइक सवार एक शातिर बदमाश आ रहा है। बकौल पुलिस, पुलिस पार्टी ने सामने से आ रहे बाइक सवार युवक को रोकने का इशारा किया। आरोप है कि युवक ने रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बाइक सवार युवक की बाएं पैर में लगी। इसके बाद वह बाइक समेत रोड किनारे गिर गया। पुलिस कर्मियों ने उसे दबोच लिया। पूछताछ करने पर घायल युवक ने अजीम नगर के गांव नगरिया आकिल निवासी अजीम पुत्र अफसर बताया।
पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर की एक बाइक, एक तमंचा, दो कारतूस, दो कारतूस के खोखे बरामद कर लिए। सूचना पर रात में ही कोतवाली प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस घायल आरोपी को तुरंत ही नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि घायल युवक शातिर किस्म का बदमाश है। उसके खिलाफ थाना अजीम नगर व मिलक खानम में गोकशी आदि धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वह वांछित भी चल रहा है। आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।