निजी बस में बैठने को लेकर बस के हेल्पर और यात्रियों में कहासुनी के बाद हुए विवाद में मारपीट हो गई, जिसमें बस के हैल्पर की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे दिल्ली से आंवला के लिए जा रही निजी बस में सवार यात्री ढकिया चौराहे पर उतरे। सिरोली निवासी हैल्पर हफीज और यात्रियों में बैठने को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान एक यात्री ने हेल्पर के सिर पर किसी वजनदार वस्तु से हमला कर दिया, जिससे हेल्पर घायल हो गया।
हमलाकर आरोपी मौके से फरार हो गया। मारपीट देखकर मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और हेल्पर को घर भेज दिया।
घर पहुंचने के बाद हेल्पर की हालत बिगड़ गई। इस पर उन्हें शाहबाद सीएचसी लाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी घटना की तहरीर नहीं दी गई है।