रामपुर। देशभर के शहरों की स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग जारी की गई हैं, जिसमें रामपुर को देश में 294वां स्थान प्राप्त हुआ है, जो पिछले साल के मुकाबले 63 स्थान पर ऊपर आ गई है। वहीं, प्रदेश में रामपुर को छठा स्थान प्राप्त हुआ है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. विवेकानंद गंगवार ने बताया कि रैंकिग को सुधारने के लिए शहर की सफाई व्यवस्था आदि पर विशेष ध्यान दिया गया। ओडीएफ प्लस, सफाई, शौचालय, जल सुविधाएं, डोर टू डोर कलेक्शन, कूड़ा निस्तारण की स्थिति में पहले से सुधार किया गया, जिसका नतीजा पहले से कुछ बेहतर आया है। शहर को स्वच्छ रखने के लिए विभिन्न मशीनों का प्रयोग किया जा रहा है। इनमें दो रोड स्वीपींग मशीन, चार कंपेक्टर, पांच जेसीबी, डोर टू डोर कूड़ा उठाने के लिए 25 वाहन, इसके अलावा 12 ट्रैक्टर ट्रालियों के द्वारा सफाई कार्य कराया गया।
इसके अलावा बरसात में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए शहर में नालों पर से अतिक्रमण हटवाकर सफाई कराई गई है। इसके बावजूद कई स्थानों पर जलभराव की समस्या है, उसे भी दूर कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम आने शुरू हो गए हैं। सरकार की ओर से जारी स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार रामपुर को 294वां स्थान प्राप्त हुआ है, जो पिछली बार के मुकाबले 63 स्थान ऊपर है। जबकि, पिछले साल रामपुर को 357 रैंक मिली थी।