रामपुर। रक्षाबंधन पर्व के दो दिन ही शेष रह गए हैं। जिसके चलते बाजारों में खरीदारी को लेकर भीड़ उमड़ रही है। सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों से लेकर कपड़े की दुकानों पर पूरे दिन भीड़ लगी रही। ग्राहकों की भीड़ होने से दुकानदारों के चेहरे भी खिले दिख रहे हैं। मिठाई की दुकानों पर रात दिन तैयारियां चल रही हैं।
रक्षाबंधन पर्व 22 अगस्त को मनाया जाएगा। जिसके लिए बाजारों में चहल पहल बढ़ गई है। शहर में लेडीज मार्केट में सबसे अधिक भीड़ उमड़ रही है। कपड़े की दुकानों पर जहां महिलाएं साड़ियां पसंद कर रही हैं। तो वही युवतियां अपने लिए फैंसी सूट खरीद रही हैं। चूड़ियों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लगी रहती है। बाजार में राखियों की खूब बिक्री हो रही है। महिलाओं के साथ बाजार में पहुंच रहे बच्चे अपने लिए छोटा भीम डोरेमोन सहित विभिन्न प्रकार की कार्टून वाली राखियां पसंद कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बाद धंधा बिल्कुल ठप हो गया था। रक्षाबंधन त्यौहार के चलते बाजार में रौनक लौटी है। बाजार में भीड़ अधिक होने से दुकानदारों के चेहरे खिले देख रहे हैं। ज्वेलर्स की दुकानों पर भी कुछ महिलाएं चांदी की राखियां खरीदने को पहुंच रही हैं।शहर के ज्वालागर, रेलवे स्टेशन मार्ग, गुरुद्वारा मार्ग, मिस्टन गंज, पुराना गंज, शौकत अली मार्ग, जौहर अली मार्ग, राजद्वारा, बाजार नसरुल्लाह खां, सुपर मार्केट समेत शुक्रवार को दोपहर को हुई बारिश के बावजूद दुकानों पर ग्राहकों की खासी भीड़ दिखाई दी।