क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले दिन बारिश ने डाली खलल
- एसपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में महाराजपुर टीम ने बनाए 158 रन
स्वार (रामपुर)। शिकारपुर गांव में शिकारपुर प्रीमियर लीग (एसपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट बुुधवार से शुरु हुआ। पहले मैच में महाराजपुर की टीम ने निर्धारित ओवरों में चार विकेट खोकर 158 रन बनाए। जिसमें आशू ने 58 और इसरार ने 47 रनों का योगदान दिया। आंधी-बारिश के चलते दूसरी पारी शुरू नहीं हो सकी।
टूर्नामेंट का पहला मैच महाराजपुर क्रिकेट क्लब और मुख्तियार क्रिकेट क्लब शिकारपुर के बीच खेला गया। महाराजपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। मुख्तियार क्लब की ओर से दानिश ने दो और नाजिर व मोनिस ने क्रमश: 1-1 विकेट लिया। दूसरी टीम लक्ष्य हासिल करने के लिए बल्लेबाजी करने आती इससे पूर्व ही आंधी-बारिश आ गई जिसके चलते दूसरी पारी आज गुरुवार को खेली जाएगी।
टूर्नामेंट का शुभारंभ आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव आसिफ मियां ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने के लिए गांवों में इस तरह आयोजन नियमित तौर पर किए जाने चाहिए। इस मौके पर टूर्नामेंट कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद तैयब, ग्राम प्रधान मोहम्मद फरहान, मुख्तियार, तकमील खां, फिरोज तुर्क, सद्दाम अल्वी, शबाब खां, नईम पठान, ताजेश्वर, अलताफ और प्रदीप आदि मौजूद रहे।