रामपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मीट की दुकानों पर छापा मारा गया। इस दौरान दुकानों पर मानक के अनुसार मीट की बिक्री नहीं हो रही थी, जिसके बाद टीम ने पांचों दुुकानों का चालान काट दिया। साथ ही अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के न्यायालय में वाद दायर करा दिया गया है।
खुले में मीट की बिक्री करने की शिकायतें आम हो गई हैं। लिहाजा, लगातार शिकायतें मिलने के बाद बुधवार को अभिहित अधिकारी आनंद कुमार देव के नेतृत्व में छापा मारा गया। अफसरों ने बंगला आजाद खां राजो की तकिया स्थित अफाक मीट शॉप, फैसल मीट शॉप, बंगला आजाद खां स्थित सैय्यद शाहिद अली, घेर मियां खां स्थित फारूक मीट शॉप व तौहीद मीट शॉप पर छापा मारा। पांचों दुकानों पर मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। अभिहित अधिकारी ने बताया कि मीट दुकानों के भीतर ही लोहे की रॉड पर टांगकर बेचा जा रहा था। जबकि, यह स्टील की रॉड होनी चाहिए। इसके अलावा मीट काटने के लिए भी लोहे के चाकू का प्रयोग होता मिला, जो सही नहीं है। उन्होंने बताया कि पांचों दुकानों का चालान कर दिया गया है। इन दुकानों के वाद अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की कोर्ट में दायर कर दिए गए हैं।