रामपुर। पीलीभीत में छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले में पीलीभीत पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी। हालांकि इस दौरान आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं लगा।
मामला पीलीभीत के एक महिला महाविद्यालय से जुड़ा हुआ है। महाविद्यालय की एक छात्रा ने महाविद्यालय में तैनात रामपुर के गंज थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले निवासी असिस्टेंट प्रोफेसर कामरान आलम पर बहाने से घर बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। छात्रा ने असिस्टेंट प्रोफेसर पर घर बुलाकर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और किसी से शिकायत करने पर महाविद्यालय से निकलवा देने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। जिस पर पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। छात्रा का आरोप है कि आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर ने अन्य छात्राओं का भी शोषण किया है और वो सेक्स रैकेट चलाता है।
मामले में सोमवार रात को पीलीभीत पुलिस ने रामपुर आकर आरोपी की गिरफ्तारी को दबिश दी। गंज थाना प्रभारी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार रात पीलीभीत पुलिस ने आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर कामरान आलम की गिरफ्तारी को लेकर गंज थाना क्षेत्र के कई मोहल्लों में दबिश दी लेकिन, आरोपी हत्थे नहीं लगा। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर गंज थाना क्षेत्र के ही एक मोहल्ले का निवासी है।