पटवाई (रामपुर)। पटवाई थाना क्षेत्र में तीन दिन से शिकायत पत्र देने के बाद भी कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिजनों के साथ थाने पहुंच गया। इस दौरान ग्रामीण ने हल्का दरोगा पर दवाब बनाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। जिसके बाद थाना प्रभारी द्वारा कार्रवाई का आश्वासन देने पर ग्रामीण शांत हुए।
पटवाई थाना क्षेत्र के नरखेड़ी गांव निवासी जयमल और निरोत्तम का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति से दो एकड़ कृषि की भूमि को एक लाख बीस हजार में ठेके पर लिया था। इस दौरान जयमल और निरोत्तम उसे तय हुई रकम दे रहे थे। इस बीच गांव का ही एक युवक मौके पर पहुंचा और गालियां देने लगा। विरोध करने पर युवक हाथ से सारे रुपए लेकर भाग गया। इस बीच भागते समय युवक के हाथ से 35 हजार रुपए सड़क पर ही गिर गए। बाद में पीड़ित ने मामले की जानकारी पटवाई पुलिस को दी। पटवाई पुलिस द्वारा तीन दिन तक कार्रवाई न करने पर ग्रामीण बुधवार को थाने पहुंच गए और हंगामा करते हुए हल्का दरोगा पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाने लगे। थाने में हंगामा होते देख पटवाई थाना प्रभारी सुरेंद्र पचौरी आ गए। जिस पर उन्होंने थाने पहुंचे पक्ष की बात सुनी और कार्रवाई का आश्चासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पटवाई थाना प्रभारी सुरेंद्र पचौरी ने बताया कि उनकी तैनाती थाने में मंगलवार रात को ही हुई है। कुछ ग्रामीण थाने पहुंचे थे। उनकी बात को सुना गया है। जांच के आदेश दिए गए है।