वाणिज्य कर विभाग द्वारा सर्वे, नोटिस और मुरादाबाद में सुनवाई को व्यापारियों ने उत्पीड़न बताते हुए लामबंद होना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारियों ने इन तमाम समस्याओं को लेकर आंदोलन तक की चेतावनी दी।
जौहर अली मार्ग स्थित एक बैंक्वेट हॉल में संगठन की बैठक में जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि वाणिज्य कर विभाग द्वारा व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। पारदर्शिता व सरलता के लिए शुरू हुई ऑनलाइन प्रणाली को भी उत्पीड़न व दमन का जरिया बना लिया गया है। स्थानीय वाणिज्य कर कार्यालय में मुख्यालय के आदेशों का हवाला देकर हर समस्या के निराकरण से पल्ला झाड़ा जा रहा है।
आडिट और नोटिस के नाम पर व्यापारी को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामपुर के मामलों की सुनवाई रामपुर में सुनिश्चित की जाए। ऐसा नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करेगा। बैठक में मुकेश आर्य, प्रदीप खंडेलवाल, हरीश अरोरा, नरेश अरोरा, राम गुप्ता, योगेश, राजीव, गौरव जैन, अतुल, अनिल आदि रहे।