भोट (रामपुर)। केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का बेमियादी धरना 136वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार पर किसान विरोधी कृषि कानून जबरन थोपने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और कृषि कानूनों को वापस किए जाने की मांग की।
केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों को वापस किए जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं का नेशनल हाईवे पर कोयला टोल प्लाजा में बेमियादी धरना 136 वें दिन भी जारी रहा। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष साबिर अली ने कहा कि जब तक तीनों कृषि कानून वापस कर एमएसपी पर कानून नहीं बनाया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसानों से अपील की कि अपना धान सरकारी क्रय केंद्रों पर तौलवाएं, बिजली की गंभीर समस्याओं को लेकर कहा कि बिजली कर्मचारी किसानों का शोषण कर रहे हैं। जबकि, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशों की बिजली अधिकारी धज्जियां उड़ा रहे हैं। बिजली के मीटरों में गलत रीडिंग दर्शा कर किसानों को लूट रहे हैं व बिजली बकाया के नाम पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों द्वारा कमजोर किसान मजदूर का शोषण किया जा रहा है। जल्दी ही जिलाध्यक्ष से वार्ता कर 21 अक्तूबर को अधीक्षण अभियंता रामपुर के कार्यालय में एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। धरने में मंडल उपाध्यक्ष मोहम्मद तालिब, इरफान हसन, जुल्फिकार, शाकिर अली, अब्दुल मुस्तफा, चंद्रसेन, आलिम पाशा, देवीदास, शकील अहमद, फरीद, फहीम, जुम्मा अली, सतपाल सिंह, जगवीर सिंह आदि मौजूद रहे।