रामपुर। बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर अधिवक्ता गुरुवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा है गया है कि लखनऊ सेंट्रल बार एसोसिएशन के सदस्य शिशिर त्रिपाठी और प्रयागराज में अधिवक्ता सन्नाउल्ला खां की हत्या के मामले में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस मामले में कार्रवाई ना होने पर बार कौंसिल ने 16 जनवरी को प्रदेश स्तर पर विरोध दिवस मनाने का फैसला लिया था। इस फैसले के क्रम में गुरुवार को रामपुर के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य नहीं किया। ज्ञापन में मांग की गई है कि अधिवक्ताओं की हत्या के मामले में आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। दोनों अधिवक्ताओं के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और उनके परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इस मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद लोधी. महासचिव सतनाम सिंह मट्टू, अकील अहमद,विनोद कुमार ,मासूम अली के अलावा अन्य कई अधिवक्ता मौजूद रहे।