सैदनगर (रामपुर)। थाना टांडा क्षेत्र में मोपेड से जा रहे डाकिये को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में डाकिये की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
घटना स्थल सैदनगर चौकी के नजदीक का है। टांडा बादली निवासी जगन्नाथ सिंह (50) डाक विभाग में डाकिये के पद पर तैनात था। रविवार दोपहर को वो मोपेड से नवीगंज फैजगंज गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे सुक्खन सिंह इंटर कॉलेज के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जगन्नाथ सिंह सड़क किनारे खेत में जा गिरे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस जब जगन्नाथ के पास पहुंचकर देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। कुछ देर के अंदर ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शब को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। चौकी इंचार्ज राजीव कुमार ने बताया मौत का कारण जानने के लिए मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।