स्वार। रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए लेखपाल और कंप्यूटर ऑपरेटर का पुलिस ने चालान कर दिया है। दोनों कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
तहसील के राजस्व गांव लोहर्रा निवासी किसान बलवंत सिंह पुत्र मेवा सिंह ने हलका लेखपाल दिवाकर सिंह राणा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण इकाई मुरादाबाद में शिकायत की थी कि विरासत दर्ज करने के नाम पर पांच हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। रिश्वत न देने पर वह विरासत दर्ज नहीं करा रहा है। शिकायत के चलते भ्रष्टाचार निवारण इकाई मुरादाबाद के इंस्पेक्टर नवल मारवाह के नेतृत्व में टीम गुरुवार को स्वार तहसील पहुंची थी और कंप्यूटर कक्ष में छापा मारा था, जहां से लेखपाल दिवाकर सिंह राणा और कंप्यूटर ऑपरेटर राजेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया था। टीम ने रिश्वत के तीन हजार रुपये भी बरामद किए थे।
टीम ने लेखपाल और ऑपरेटर को कोतवाली ले जाकर बंद करा दिया था और बाद में मुकदमा दर्ज कराया गया था। टीम प्रभारी नवल मारवाह ने भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद शुक्रवार को दोनों का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी लेखपाल एवं कंप्यूटर ऑपरेटर को जेल भेज दिया है। कोतवाल हरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों को जेल भेज दिया गया है।