रामपुर। तेज धूप होने के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। चिकित्सक के चैंबर के बाहर मरीजों की लाइनें लग रही हैं। चिकित्सकों के मुताबिक डायरिया और बुखार के लक्षण के मरीज अधिक आ रहे हैं। अगर जिला अस्पताल की बात करें तो प्रतिदिन 40 से 50 मरीज इन समस्या को लेकर जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं जबकि, पहले आठ से दस मरीज प्रतिदिन आते थे।
बदलता मौसम लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। एक तरफ गर्मी और चलने वाली लू तो दूसरी तरफ मच्छरों का प्रकोप और दूषित पानी लोगों को बीमार कर रहे हैं। मौसम में बदलाव के कारण अस्पतालों में डायरिया और बुखार के मरीज बढ़ने लगे हैं। जिला अस्पताल में दो दिन के अंदर डायरिया और बुखार से पीड़ित करीब तीस लोगों और बच्चों को भर्ती कराया गया। चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में होने वाली बीमारियां गंदा पानी पीने, दूषित (रखा हुआ) भोजन करने और बाजारों में खुले में रखे कटे हुए फलों और जूस का सेवन करने से होती है, इनसे पाचन क्रिया प्रभावित होती है। इस मौसम में खानपान और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।