पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए आज से शुरू होगा प्रशिक्षण
करीब दो हजार कर्मचारियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण, 29 तक रहेगा जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए मतगणना में लगाए गए कर्मचारियों का प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू हो जाएगा। करीब दो हजार कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाना है। जबकि, 29 अप्रैल को उन कर्मचारियों का प्रशिक्षण होगा, जो रिजर्व में लगाए गए हैं। इसके अलावा प्रशिक्षण से छूटे कर्मचारियों को भी इसी दिन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दो मई को मतगणना होगी। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से मतगणना को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मतगणना के लिए करीब दो हजार कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जिनका प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू हो जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मतगणना कर्मचारियों का प्रशिक्षण तीन दिन तक चलेगा, जिसमें 27 अप्रैल को पहले दिन प्रशिक्षण होगा। मंडी समिति में चलने वाले इस प्रशिक्षण में पहले दिन करीब आठ सौ कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि शेष कर्मचारियों को 28 अप्रैल को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 29 अप्रैल को ऐसे कर्मचारियों का प्रशिक्षण होगा, जो रिजर्व में लगे होंगे। इसके साथ ही प्रशिक्षण से वंचित कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।