रामपुर। ग्राम पंचायत सहायक गांवों के विकास में सहायक बनेंगे। इसके लिए जिले में 672 पंचायत सहायक नियुक्त कर दिए गए हैं। जिन्हें नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं। विकासखंड कार्यालयों से पंचायत सहायकों को नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं। इसके बाद पंचायत सहायक सचिव के बताए गए कार्यों को करने के साथ ही गांवों की सभी विकास परियोजनाओं की निगरानी करेंगे, जिसकी रिपोर्ट भी जिला पंचायत राज विभाग को करनी होगी।
सरकार की ओर से गांवों में मिनी सचिवालय स्थापित करने की कवायद की गई थी। इसके लिए गांवों में पंचायत भवन बनाए गए हैं। जिले की 680 ग्राम पंचायतों में से करीब पांच सौ ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन (मिनी सचिवालय) बनकर तैयार हो गए हैं, जबकि बाकी ग्राम पंचायतों कार्य तेजी से जारी है। वहीं, जिले में 672 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक नियुक्त हो गए हैं। अब इन पंचायत सहायकों को नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि पंचायत सहायकों को ग्राम पंचायत सचिवों के सभी काम करने होंगे। ग्राम पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यों की निगरानी करने के साथ ही ग्राम पंचायतों की संपत्ति भी सुरक्षित करनी होगी। यदि गांव में किसी गरीब को शौचालय आदि की आवश्यकता है, तो उसे भी पूरा कराना होगा। इसके ऑनलाइन फीडिंग करनी होगी। ग्राम पंचायत की बैठक और विकास योजनाओं की तैयारी भी पंचायत सहायक को करनी होगी। इसके अलावा लाभार्थियों को योजनाओं ऑनलाइन भुगतान जैसे कार्य करने होंगे।
आठ ग्राम पंचायतों में नहीं हो सकी है नियुक्ति
रामपुर। जिले में 680 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से 672 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक नियुक्त हो गए हैं, जबकि आठ ग्राम पंचायतों में सहायकों की नियुक्ति नहीं हो सकी है। विभागीय अफसर बताते हैं कि आठ ग्राम पंचायतों में आपत्तियां आ गईं थीं, जिनके निस्तारण के बाद ही उन ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक की नियुक्ति होगी।