रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मालगाड़ी की चपेट में आकर पेंटर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बुधवार शाम करीब पांच बजे जीआरपी को सूचना मिली कि ज्वालानगर रेलवे फाटक के पास एक व्यक्ति मालगाड़ी की चपेट में आ गया है। उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर व्यक्ति की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। इस दौरान उसके पास से मिले फोन नंबर से शव की शिनाख्त ज्वालानगर के गली नंबर एक निवासी संजय रावत (55) के रुप में हुई। हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मृतक के बेटे विक्की ने बताया कि संजय रावत घरो पर पेंट करने का काम करते है। बुधवार सुबह काम से गए थे। वहां से पैदल घर वापस आ रहे थे। जीआरपी प्रभारी सिद्वार्थ सिंह ने बताया कि मुरादाबाद की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।