रामपुर। जिले में कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए तेेजी से व्यवस्थाएं मुकम्मल की जा रही हैं। इसके तहत जिला अस्पताल में बनाए जा रहे एक हजार एलपीएम (लीटर प्रति मिनट) क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट के भी सप्ताह भर में चालू होने की उम्मीद है। प्लांट में मशीनों का इंस्टालेशन किया जा चुका है और इलेक्ट्रिक केबलिंग का काम किया जा रहा है।
कोरोना की दूसरी लहर ने पूरे देश में कहर बरपाया था। जिले में पिछले साल से अब तक कोरोना संक्रमण के चलते 148 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं 11824 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। हालांकि पिछले करीब तीन सप्ताह से जिले में सक्रिय मामलों की संख्या शून्य है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। जिसमें बच्चों के उपचार के लिए पीडियाट्रिक इंटेसिव केयर यूनिट निर्माण के साथ ही बिलासपुर सीएचसी व रामपुर जिला अस्पताल में नए ऑक्सीजन प्लांट भी लगाए गए हैं। क्योंकि कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की काफी किल्लत सामने आई थी।
जिला अस्पताल में पहले से 150 एलपीएम का एक ऑक्सीजन प्लांट है। अब एक हजार एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट भी बनकर तैयार हो गया है। जिसमें एनएचएआई की ओर से इलेक्ट्रिक केबलिंग का कार्य किया जाना शेष है। इसके बाद प्लांट शुरू हो जाएगा।