एसबीआई की मिलक शाखा से बीस लाख रुपये चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार
क्रासर-
-तीन आरोपी हुए फरार, पुलिस को पूरी रकम बरामद करने में मिली सफलता
-फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
मिलक(रामपुर)। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मिलक शाखा से 22 जुलाई को हुई बीस लाख रुपये की चोरी की घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर बैंक से चुराई गई 20 लाख रुपये की रकम बरामद कर ली है।
22 जुलाई को मिलक स्थित एसबीआई शाखा से दिनदहाड़े बीस लाख रुपये चोरी हो गए थे। यह रकम एटीएम में लगाने के लिए रखी गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने चुराई गई बीस लाख रुपये की रकम को बरामद करते हुए चोरी की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए।
एसओजी प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को गुरुवार रात सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कादरी भट्ठे के निकट छापा मारा गया। जिस पर मौके पर मौजूद लोग पुलिस को देखकर भागने लगे, इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को बीस लाख रुपये की रकम के साथ दबोच लिया। हालांकि तीन आरोपी इस दौरान फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस गिरफ्त में आया आरोपी मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कडिया सांसी थाना क्षेत्र के बोडा गांव निवासी अर्जुन है। जबकि मौके से फरार हुए आरोपी इसी गांव के निवासी ऋषि, बाबू और अजबो हैं। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी अर्जुन को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
-------------------------
बरामदगी-
-मिलक एसबीआई शाखा से चुराए गए बीस लाख रुपये।
-बिजनौर के चांदपुर में एक युवक की बाइक की डिकी से चुराए गए चार लाख रुपयों में से 50200 रुपये, एक वीवो मोबाइल व एक सैमसंग मोबाइल।
-------------------
घटना वाले दिन ऋषि और बाबू गए थे बैंक के अंदर
मिलक। 22 जुलाई को जब आरोपियों ने बैंक से चोरी की घटना को अंजाम दिया था तो ऋषि और बाबू दोनों बैंक के अंदर गए थे। हालांकि दोनों बैंक में चोरी करने की मंशा के साथ नहीं गए थे। बल्कि किसी खाताधारक द्वारा बड़ी रकम निकालने पर उससे लूट या ठगी करने की मंशा से गए थे। इस दौरान उन्होंने करीब 25 मिनट तक खाताधारकों व कर्मियों की निगरानी की। इस दौरान बैंक कर्मी एटीएम में रखे जाने के लिए आए कैश को खुले संदूक में रखकर काउंटर छोड़कर चले गए तो मौका पाकर ऋषि ने बीस लाख रुपये की रकम बैग में भर ली और बैंक से बाहर निकल आया। अर्जुन और अजबो बैंक के बाहर ही इंतजार कर रहे थे। इसके बाद आरोपी चोरी की गई रकम को लेकर मेरठ चले गए।
--------------------
मिलक के बाद बिजनौर के चांदपुर में भी की थी चोरी
रामपुर। पकड़े गए आरोपी अर्जुन ने बताया कि उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामपुर में 22 जुलाई को बैंक से बीस लाख रुपये चुराने के बाद अगले दिन बिजनौर के चांदपुर में भी एक युवक की बाइक की डिकी से चार लाख रुपये चुराए थे। जिसमें उसके हिस्से में 50200 रुपये आए थे।
----------------------
पेशेवर अपराधी हैं सभी, अर्जुन के खिलाफ दर्ज हैं दो मुकदमे
मिलक। एसबीआई मिलक शाखा से चुराए गए बीस लाख रुपयों के साथ पकड़ा गया आरोपी अर्जुन और उसके तीनों साथी पेशेवर अपराधी हैं। इनके खिलाफ अन्य प्रदेशों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार अभी तक की पड़ताल में अर्जुन के खिलाफ राजगढ़ मध्यप्रदेश के बोडा थाने में आईपीसी की धारा 294, 3230 506 और 34 के तहत रिपोर्ट दर्ज है। इसके साथ ही आरोपी के खिलाफ आगरा में भी साल 2011 में आईपीसी की धारा 392 और 411 के तहत एक मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अन्य जनपदों व राज्यों में भी आरोपियों का अपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
------------------