रामपुर। अवैध प्लाटिंग के आरोप में आरडीए (रामपुर विकास प्राधिकरण) की ओर से पांच लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के क्षेत्रीय सेवा प्रमुख की शिकायत के बाद शासन के आदेश पर आरडीए ने यह कार्रवाई की है। साथ ही गंज पुलिस को अवैध निर्माण रुकवाने के आदेश जारी किए गए हैं।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के क्षेत्रीय सेवा प्रमुख उत्तराखंड एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश फैसल मुमताज ने सैंजनी नानकार में बैगर आरडीए की स्वीकृति के की जा रही अवैध प्लाटिंग को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। इस पर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय राजेश प्रसाद ने प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन को कार्रवाई के आदेश दिए थे। अपर मुख्य सचिव आवास एवं शहरी नियोजन ने अग्रिम कार्रवाई के लिए आरडीए को आदेश जारी किए। आरडीए ने मामले की जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई। आरडीए के क्षेत्रीय अवर अभियंता की रिपोर्ट के आधार पर आरडीए सचिव व नगर मजिस्ट्रेट ने अवैध निर्माण कार्य रोकने के लिए नोटिस जारी किया है। साथ ही प्रभारी थाना गंज को बलपूर्वक अनधिकृत निर्माण कार्य रोकने के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत अनीस अहमद, तौफीक अहमद, सईद अहमद, मुईन अहमद व जमील अहमद को नोटिस जारी कर 24 दिसंबर को अपना पक्ष पेश करने के लिए कहा गया है। यदि पक्ष पेश नहीं किया गया, तो प्लाटिंग स्थल को सील करने तक की चेतावनी दी है।