चौकी हजियानी में बवाल की जड़ बने कुएं के आसपास फिलहाल चहारदीवारी नहीं कराई जाएगी। बवाल को देखते हुए प्रशासनिक अफसरों ने फैसला लिया है। दीवार बनाने से पहले दोनों समुदायों के बीच आपसी सहमति बनेगी और फिर इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। इसके लिए जल्द ही दोनों पक्षों के लोगों के बीच समझौता वार्ता भी कराई जाएगी। अभी इसकी तिथि निश्चित नहीं की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौकी हजियानी के पास कुआं विवाद की जड़ बना हुआ है। यहां जिस जमीन पर कुआं बना हुआ है, उसको अल्पसंख्यक विभाग और दूसरे समुदाय के लोग वक्फ की जमीन बता रहे हैं। इस जमीन के आसपास चारदीवारी कराना चाह रहे हैं। दो दिन पहले इस तरह की कोशिश की गई थी तो यहां दोनों वर्गों के दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था।
दरअसल यह कुआं मस्जिद के ठीक सामने है, जबकि इसी मोहल्ले के दूसरे वर्ग के लोगों का कहना है कि इस कुएं से लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। कुएं के आसपास चहारदीवारी कराने को लेकर अल्पसंख्यक विभाग ने अपने स्तर से कवायद की थी,जिसका विरोध हुआ और दो दिन पहले इसको लेकर ववाल भी हुआ। उस वक्त प्रशासन ने माहौल को शांत करने के लिए भरसक कोशिश की और मामला शांत भी हो गया। अब इस बीच इस मसले का हल निकालने के लिए फिलहाल अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने कुएं के आसपास किसी भी तरह का निर्माण नहीं कराने का फैसला लिया है।
न तो कुएं को पाटा जाएगा और न ही चहारदीवारी कराई जाएगी। इस काम को कराने के लिए दोनों पक्षों के लोगों के बीच आपसी सहमति बनाई जाएगी। इसके लिए दोनों वर्गों के बीच आपसी सुलह समझौता कराया जाएगा। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक आरपी सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच शांति बनाई रखी जाएगी। आपसी सहमति के आधार पर ही आगे कोई फैसला होगा।