रामपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक इंटर कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की हत्या का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या करने के आरोप में ससुर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। ससुर ने उधार मांगने पर दामाद की हत्या की थी। सनसनीखेज वारदात में साथ देने पर अपने साथियों को 50-50 हजार रुपये दिए थे। पुलिस ने तीनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और रुपये बरामद किए हैं।
चार फरवरी को कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि धोबीघाट के पास झाड़ियों में एक शव पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया था। व्यक्ति की शिनाख्त घोसियान सराय गेट निवासी हीरालाल (50) के रूप में हुई थी। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग पहुंच गए थे और हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाने लगे थे। मृतक के भाई हीरालाल के भाई महेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। हीरालाल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबने के कारण मौत होने की बात सामने आई थी। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया हैं। कोतवाली प्रभारी किशन अवतार ने बताया कि चादर बाग निवासी हुलासीराम, मुरादाबाद के मूंढापांडे निवासी भगवतीशरण उर्फ भगवत और अनीस को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के पास से दो मोबाइल और 22200 रुपये बरामद कर लिए है।