रामपुर। मुरादाबाद सीट से लोकसभा सांसद एसटी हसन बुधवार को आजम खां के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। करीब तीन घंटे की मुलाकात के बाद एसटी हसन वापस चले गए। इस दौरान उन्होंने हुई चर्चा को लेकर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। इसके साथ ही बुधवार को पूर्व विधायक रिफाकत हुसैन भी आजम खां के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से दूरी के बीच आजम का अपने करीबियों और सपा नेताओं समेत अन्य नेताओं का आजम से मिलने का सिलसिला जारी है। मंगलवार रात आजम खां रामपुर पहुंचे। इसके बाद बुधवार सुबह से ही उनसे मिलने आने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। करीब पौने बारह सपा सांसद एसटी हसन आजम खां के आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। करीब तीन घंटे तक दोनों नेता साथ रहे। इस दौरान दोनों के बीच क्या बात हुई इसको लेकर दोनों ने ही कोई खुलासा नहीं किया लेकिन, अखिलेश से नाराजगी के बीच एक-एक कर सपा व अन्य नेताओं के आजम खां से मिलने से सियासी गलियारों में काफी हलचल है। हर कोई आजम की मुलाकातों के अपने मायने निकाल रहा है। बुधवार को हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक रिफाकत हुसैन भी रामपुर आकर आजम खां से मिले।