रामपुर। सीतापुर जेल में बंद सपा सांसद आजम खां के खिलाफ अलग-अलग आरोपों में अलग-अलग थानों में दर्ज 19 मुकदमों की चार्जशीट की नकलें सीतापुर जेल भेजी गई हैं। न्यायालय द्वारा विशेेष संदेशवाहक के जरिये यह चार्जशीट की नकलें सीतापुर जेल भेजी गई हैं। जिन्हें सपा सांसद आजम खां को रिसीव कराया जाएगा।
सपा सांसद आजम खां इन दिनों सीतापुर जेल में बंद हैं। आजम खां के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने और कुर्की की कार्रवाई का नोटिस जारी होने पर 26 फरवरी 2020 को आजम खां ने अपनी पत्नी शहर विधानसभा सीट से सपा विधायक डॉ. तजीन फात्मा और अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में पहले रामपुर जेल और फिर सीतापुर जेल शिफ्ट कर दिया गया था। सीतापुर जेल में बंद होने के दौरान आजम खां कोरोना की चपेट में भी आ गए थे, जिसके बाद उनकी हालत काफी बिगड़ गई थी, जिस पर उन्हें लखनऊ स्थित मेंदाता अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। जहां से उपचार के बाद एक बार फिर उन्हें सीतापुर जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। इस समय सीतापुर जेल में आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम बंद हैं, जबकि उनकी पत्नी शहर विधानसभा सीट से सपा विधायक डॉ. तजीन फात्मा को पिछले साल दिसंबर माह में जमानत मिल गई थी, जिसके बाद वो अब जमानत पर चल रही हैं।
जिला सहायक शासकीय अधिवक्ता रामऔतार सिंह सैनी ने बताया कि सीतापुर जेल में बंद सपा सांसद आजम खां से जुड़े 19 मामलों में अभी तक कोर्ट में ट्रायल शुरू नहीं हो सका है। जिसकी वजह इन मामलों में पुलिस द्वारा कोर्ट में दाखिल की गई चार्जशीट की नकलें आजम खां को रिसीव नहीं हो सकी हैं। अब इन मामलों में भी कोर्ट प्रक्रिया को तेज करने और इनमें ट्रायल शुरू करने के लिए कोर्ट ने अब विशेष संदेशवाहक के माध्यम से आजम खां के खिलाफ गंज थाना, शाहबाद, खजुरिया, मिलक आदि थानों में दर्ज 19 मुकदमों की चार्जशीट की नकलें सीतापुर जेल भिजवाई हैं। इन नकलों के आजम खां को रिसीव होने के बाद इन मामलों में कोर्ट में आरोप तय होने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।