रामपुर। पेट्रोल का दाम जिले में सौ रुपये प्रति लीटर के पार हो गया है। बृहस्पतिवार को एक लीटर पेट्रोल की कीमत 100.70 रुपये पहुंच गई है। वहीं, एक लीटर डीजल की कीमत 92.55 रुपये हो गई। ऐसे में डीजल-पेट्रोल भरवाने पहुंचे लोगों में निराशा साफ दिखाई दी। कोई महंगाई को कोसता नजर आया तो किसी ने केंद्र सरकार की नाकामी करार दिया। पेट्रोलियम पदार्थों के दाम जीएसटी के दायरे में लाने की मांग भी उठी। दो पहिया वाहन चालकों या कार मालिक सभी ने पेट्रोल के दाम बढ़ने से बजट बिगड़ने की चिंता जताई। नौकरी पेशा, छोटे व्यापारी, कारोबारी, विद्यार्थी, ग्रहणी सभी डीजल के दाम बढ़ने से बजट बिगड़ने और महंगाई बढ़ने की आशंका से ग्रस्त नजर आए।