रामपुर। मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का अभियान चलाया जाएगा। महाविद्यालयों में बालिकाओं के लिए हेल्थ क्लब बनाए जाएंगे।
उच्च शिक्षा विभाग चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो अभियान के तहत छात्राओं को परामर्श देगा। शासन की ओर से अब मिशन शक्ति अभियान दिसंबर माह तक चलाया जाएगा। जिसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके लिए शासन व निदेशालय से लेकर जिले स्तर तक नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। शारदीय नवरात्र से वासंतिक नवरात्र में दो चरण संचालित हो चुके हैं। अब तीसरा चरण शुरू हुआ है। प्रदेश सरकार का मिशन शक्ति पर विशेष जोर है। इसी माह विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों व शिक्षकों को बदलाव अभिकर्ता के रूप में चिह्नित करके दो अक्तूबर को उन्हें सम्मानित किया जाएगा। 10 दिसंबर को मानव अधिकार दिवस के अवसर पर संस्थानों में एजेंट्स आफ चेंज के कार्यों का प्रदर्शन होगा। छात्राओं को चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो के तहत परामर्श देने के लिए महिला अध्यापिकाएं नामित की जाएंगी। इस कार्य के लिए एनजीओ और मनोचिकित्सक का भी सहयोग लिया जाएगा।