सैदनगर। जिले में खनन से जुड़े कई वाहन नंबर प्लेट पर मिट्टी और ग्रीस लगाकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। कुछ वाहनों की नंबर प्लेट के अंक जानबूझकर ढक दिए गए हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। परिवहन और पुलिस विभाग की कार्रवाई के बावजूद ऐसे वाहन बेखौफ संचालित हो रहे हैं। परिवहन विभाग ने पिछले दो दिनों के अभियान में ऐसे 27 डंपर और ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
मंगलवार को सैदनगर क्षेत्र में सुबह और शाम कई खनन वाहनों की नंबर प्लेट मिट्टी और ग्रीस से ढकी मिलीं। कई वाहनों की पिछली नंबर प्लेट के अंक भी अस्पष्ट पाए गए। इसी तरह के वाहन मसवासी, स्वार, बिलासपुर, टांडा और मिलक क्षेत्र में भी चलते देखे गए।
ग्रामीणों का कहना है कि खनन से जुड़े वाहन दिन-रात क्षेत्रीय मार्गों से तेज रफ्तार और लापरवाही से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। नंबर प्लेट स्पष्ट न होने के कारण किसी हादसे या नियम उल्लंघन की स्थिति में वाहन की पहचान करना भी कठिन हो जाता है। ग्रामीण राम सिंह, दिनेश प्रताप और मोहन सैनी ने ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कोट-
परिवहन विभाग ने दो दिन विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) नहीं होने पर 18 डंपर और ट्रकों पर कार्रवाई की गई। वहीं, नौ डंपरों की नंबर प्लेट पर मिट्टी और ग्रीस लगाकर नंबर छिपाए गए थे। इन सभी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। -राजेश कुमार श्रीवास्तव, एआरटीओ