बिलासपुर। रूद्र बिलास चीनी मिल के श्रमिकों ने लंबित वेतन दिलाने की मांग को लेकर मिल परिसर में हंगामा किया। मिल के कार्यवाहक प्रधान प्रबंधक ने श्रमिकों को पांच दिन के अंदर वेतन का भुगतान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी श्रमिक कामकाज करने लगे।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10:30 बजे रूद्र बिलास चीनी मिल के तमाम श्रमिक कामकाज बंद करके मिल गेट पर एकत्र हुए। उन्होंने वेतन न मिलने पर मिल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उन्हें दिसंबर से वेतन नहीं मिला है, जिसकी वजह से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ने लगी है। उन्होंने प्रबंधतंत्र पर वेतन न देकर शोषण करने का भी आरोप लगाया। कर्मियों का हंगामा होने की सूचना पाकर ईसानगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने हंगामा करने वालों को शांत किसा। इसके बाद मिल के कार्यवाहक प्रधान प्रबंधक शैलेश कुमार मौर्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मियों से वार्ता की। आश्वासन दिया कि पांच दिन में सभी श्रमिकों का वेतन जारी कर देंगे। सभी लोग मेहनत के साथ चीनी मिल को चलाएं।
इसके बाद सभी कर्मचारी कार्य करने में जुट गए। हंगामा करने वालों में परशुराम, हुकम सिंह, तुलाराम, राम प्रकाश, नीरज कुमार, राहुल कुमार, दिनेश, शिवा आदि मुख्य थे। मिल के प्रधान प्रबंधक ने बताया कि कर्मचारियों का वेतन शीघ्र ही जारी कर दिया जाएगा। मिल का संचालन ठीक प्रकार से हो रहा है।