व्हाट्सएप ग्रुप पर गर्मियों की छुट्टियों में मिड-डे मील वितरण के विरोध में एक अध्यापक से स्पष्टीकरण तलब करने के बाद बेसिक शिक्षक और विभाग आमने-सामने आ गए हैं। एक ओर जहां टीचरों ने गर्मी की छुट्टियों में मध्याह्न भोजन वितरण से इनकार कर दिया है, वहीं बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले भर के स्कूलों से मध्याह्न भोजन वितरण की दैनिक रिपोर्ट तलब की है। कहा जा है कि शासन के आदेश का उल्लंघन करने और मध्याह्न भोजन वितरित न करने वाले टीचरों पर कार्रवाई की जाएगी।
बेसिक शिक्षा निदेशालय ने गर्मियों की छुट्टियों में मिड-डे मील वितरण का आदेश जारी किया है। कहा गया है कि गर्मी की छुट्टियाें में स्कूल खुलवाकर बच्चों को मिड-डे मील बांटा जाए। स्थानीय अफसरों को शत-प्रतिशत वितरण कराने की जिम्मेदारी दी गई है। शिक्षकों के व्हाट्स एप ग्रुप पर इसका खुलकर विरोध हो रहा है। अब शिक्षक खुलकर विरोध में आ गए हैं।
प्राथमिक शिक्षक संघ (चौहान गुट) के नेतृत्व में शिक्षकों ने मंगलवार को बीएसए और सिटी मजिस्ट्रेट के जरिये मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया है कि मिड-डे मील का वितरण गर्मियों की छुट्टियों में न कराया जाए। स्कूलों में बच्चे नहीं आ रहे हैं। इससे दिक्कत हो रही है। गर्मियों की छुट्टियों में एमडीएम वितरण का आदेश गलत है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह चौहान, जिला मंत्री मुजाहिद खां, डा. अहसान खां, शिव कुमार, अंजुम स्नेही, कमर इस्हाक, आनंद भंडारी, इफ्तेखार अली, तहसीन, रामचंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।