टांडा। नगर के मंसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में जाफर अली मेमोरियल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का सातवां मैच खेला गया। इसमें मेलबॉर्न क्लब ने इंद्रा क्लब को 22 रन से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। मुकाबला देर रात तक रोमांचक बना रहा।
इंद्रा क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेलबॉर्न क्लब ने निर्धारित 16 ओवर में आठ विकेट खोकर 143 रन बनाए। टीम की ओर से नासिर पीटरसन ने 52 रन और ज़ुबैर आलम ने 28 रन की पारियां खेलीं। इंदिरा क्लब की ओर से अब्दुल रहमान और कामरान अख्तर ने दो-दो विकेट हासिल किए।
144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंद्रा क्लब की टीम 16 ओवर में छह विकेट खोकर 120 रन ही बना सकी। निखिल ने 39 रन और इकबाल बलिया ने 37 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मेलबॉर्न क्लब के गेंदबाज गुड्डू प्रिंस ने पांच विकेट झटककर मैच का रुख बदल दिया। उन्हें उनके प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष और समाजसेवी डॉ. आजम मुख्य अतिथि रहे। मैच में राहत अली और ज़ुबैर आलम ने अंपायर की भूमिका निभाई। कमेंट्री मोहम्मद सईद सागर, जहीर जिया और अब्दुल रज्जाक ने की।