रामपुर। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन-2022 के संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. वैभव शर्मा की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के जनप्रतिनिधियों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2022 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी 2022 को करा दिया गया है। अंतिम प्रकाशन के उपरांत जिले के पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 1703367 मतदाता हैं। जिले का ईपी रेशियो 60.28 जेंडर रेशियो 881 है। उन्होंने कहा कि अंतिम प्रकाशन के उपरांत सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई है। मतदाता सूची में वे यह जांच कर लें कि किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति का नाम छूटा तो नहीं है और यदि ऐसा हो तो मतदाता सूची में नाम पंजीकृत कराने के लिए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में अभी भी प्रारूप-6 भरकर जमा कर दें, ताकि निर्वाचन से पूर्व छूटे व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में पंजीकृत हो जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी समय निर्वाचन की घोषणा की जा सकती है। निर्वाचन की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो जाएगी। समस्त रिटर्निंग ऑफिसरों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र में अगले दो या तीन दिन में राजनैतिक दलों द्वारा लगाए गए पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स, वॉल पेंटिंग आदि की संख्या का आंकलन कर लें, ताकि आदर्श आचार संहिता लागू होते ही निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 24 घंटे के भीतर उन प्रचार सामग्रियों को हटाया जा सके। उन्होंने बताया कि पूर्व निर्वाचनों की भांति विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में भी नामांकन प्रक्रिया कलक्ट्रेट परिसर में स्थित कक्षों में कराई जाएगी। समस्त रिटर्निंग ऑफिसर को निर्देश दिए गए कि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान राजनैतिक दलों अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायती-पत्रों का तत्काल निस्तारण कराया जाएगा और उसका रिकार्ड भी संरक्षित रखा जाएगा। चुनावी जनसभाओं के स्थल का चिन्हिकरण के संबंध में उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार राजनैतिक दलों एवं निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों द्वारा की जाने वाली चुनावी जनसभाएं एवं अन्य कार्यकमों के लिए स्थलों का चिन्हीकरण कर स्थलों की सूची राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को पूर्व में ही उपलब्ध करा दी गई थी।
इसके साथ ही उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन के संबंध में जारी दिशा निर्देशों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जनपद में बूथों पर कोविड-19 के दृष्टिगत जरूरी प्रबंध और नामांकन, मतदान और मतगणना प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई।
---------------------