स्वार। मसवासी क्षेत्र में पट्टीकला के जंगल में ग्राम समाज की भूमि की पैमाइश और हदबंदी करने गई राजस्व विभाग की टीम को देखकर अवैध खनन कर रहे लोग भाग गए। आरोपी मौके पर ही वाहन और मशीनें छोड़ गए। लेकिन टीम राजस्व टीम सरकारी भूमि की हदबंदी करके लौट आई।
तहसील प्रशासन ने कुछ माह पहले भूमि ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराई थी। इस भूमि पर अवैध तौर पर अभिलेखों में नाम दर्ज थे, जिन्हें खारिज कर सरकारी भूमि दर्ज कर दिया गया था। लगभग साठ एकड़ भूमि प्रधान की सुपुर्दगी में दी गई थी। इसके बाद कुछ लोगों ने इस भूमि से अवैध खनन शुरू करा दिया था। इसकी शिकायत एक सप्ताह पहले शासन एवं प्रशासन से की गई थी। इस शिकायत का संज्ञान लेते हुए गुरुवार को तहसीलदार अवनीश कुमार ने हलका लेखपाल और मसवासी पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने प्रधान मोहम्मद हुसैन को भी बुला लिया।
टीम पहुंची तो सरकारी भूमि पर अवैध खनन चल रहा था। राजस्व टीम को देखकर आरोपी वाहनों को छोड़कर फरार हो गए। तहसीलदार अवनीश कुमार ने बताया की सरकारी भूमि से अवैध खनन रोकने के लिए जमीन की हदबंदी की तैयारी की जा रही है। अवैध खनन किसी भी हालत में नहीं होने दिया जाएगा।