रामपुर। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका के बाद सरकार की ओर से रात्रि 11 बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रि कर्फ्यू लागू किया गया है। शनिवार रात को पुलिस ने बाजारों में भ्रमण कर दुकानें बंद कराईं। इस दौरान लोगों रात्रि कर्फ्यू के बारे में जानकारी दी है।
कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए रात 11 से सुबह पांच बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू शनिवार से लागू हो गया है। इसको लेकर ही प्रशासन और पुलिस को रात्रि कर्फ्यू का पालन कराने का निर्देश दे दिया गया था। इसके बाद शनिवार को पुलिस रात दस बजे से ही शहर के प्रमुख चौराहों पर मुस्तैद हो गई। रात ग्यारह बजे के बाद निकले लोगों को रोककर पूछताछ की गई। हर चौराहे पर पुलिस पहरा देती रही। पुलिस ने शाहाबाद गेट, बिलासपुर रोड, ज्वालानगर चौराहा, रेलवे स्टेशन और रोडवेज के आसपास पुलिस ने गश्त करके बाहर घूम रहे लोगों को घर जाने को कहा। इस दौरान जो दुकानें खुली हुईं थीं, उन्हें पुलिस ने तत्काल बंद करा दिया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि पुलिस बल के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया गया था। इस बीच रात्रिकालीन कोरोना कर्फ्यू के दौरान बाहर घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ की गई। मास्क न लगाने वाले लोगों को मास्क का प्रयोग करने की हिदायत दी गई है।