जिले में बुधवार को भी कोहरे से राहत नहीं मिला। मंगलवार रात से लेकर बुधवार सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सड़क और रेल दोनों यातायात बाधित रहे। हाईवे पर वाहन रेंगते हुए गुजरे तो ट्रेनों की रफ्तार पर भी कोहरे के ब्रेक लग गए।
कोहरे के कारण लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर बुधवार को भी रद रही तो हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल को भी रद करना पड़ा। इसके साथ ही बाघ एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस, अवध-आसाम एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंची। ट्रेनों के देरी से आने के कारण यात्रियों को सर्दी में घंटों इंतजार करना पड़ा।
कोहरे का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार रात से लेकर बुधवार सुबह तक घना कोहरा छाया रहा, जबकि दिन में बादल छाए रहे। घने कोहरे ने हाइवे पर वाहनों पहियों से लेकर पटरी पर ट्रेनों तक के पहियों की रफ्तार कम कर दी। खराब मौसम के चलते लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर और पंजाब मेल को रद करना पड़ा।
वहीं जनसेवा एक्सप्रेस साढ़े आठ घंटे, देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस छह घंटे, हावड़ा-काठगोदाम (बाघ एक्सप्रेस) करीब साढ़े तीन घंटे, अवध-आसाम एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे, सियालदाह एक्सप्रेस और फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस करीब एक-एक घंटे, नौचंदी एक्सप्रेस करीब चार घंटे और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे विलंब से पहुंची।