वीर खालसा सेवा समिति ने पुतला फूंककर जिले में बढ़ रहे झोलाछापों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने झोलाछापों पर शिकंजा कसने और अवैध रूप से चल रहे नर्सिंग होम संचालिका के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
पुराना गंज स्थित एक अवैैध नर्सिंग होम में शनिवार रात भोट थाना क्षेत्र के करीमपुर शर्की गांव निवासी हरिओम की पत्नी जशोदा और नवजात शिशु की प्रसव के बाद मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही शहर के हर वर्ग में आक्रोश है, हर वर्ग के लोग आरोपी संचालिका के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रकरण में हिंद सेवा समिति, छात्रों के बाद बुधवार को वीर खालसा सेवा समिति ने विरोध व आक्रोश जताते हुए झोलाछाप का पुतला फूंका। संगठन ने सिविल लाइंस के बीपी कालोनी में पुतला फूंककर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अवतार सिंह ने कहा कि झोलाछापों के खिलाफ स्वास्थ्य अधिकारियों को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
संगठन ने आरोपी नर्सिंग होम संचालिका के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान जोगिंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, मोनू सिंह, मंजीत सिंह, शशिकांत शर्मा, सेवा सिंह, निशान सिंह, बलवीर अरोरा, सन्नी कपूर आदि मौजूद रहे।